पूर्णिया | बायसी:
बिहार के पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बायसी थाना क्षेत्र अंतर्गत भौरापुल के पास शनिवार शाम अज्ञात अपराधियों ने 40 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। महिला का शव गांव के ही एक मक्का के खेत से बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
खेत देखने गई थी पंचमी, शाम को मिली मौत की खबर
मृतका की पहचान मलहरिया पंचायत के वार्ड नंबर-13, शर्मा टोला निवासी पंचमी देवी उर्फ अनुला देवी (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वे दुखन शर्मा की पत्नी थीं। मृतका की मां रेशमी देवी ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद पंचमी हमेशा की तरह अपने खेत की स्थिति देखने घर से निकली थीं। जब शाम करीब 5 बजे तक वह वापस नहीं लौटीं, तो परिजन चिंतित हो गए। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव के पास मक्का के खेत में एक महिला का शव खून से लथपथ पड़ा है। मौके पर पहुंचकर देखा तो शव पंचमी का ही था।
सूना था घर, प्रवासी परिवार का उठा फायदा
इस हत्याकांड का सबसे दुखद पहलू यह है कि घटना के समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था।
पंचमी के पति दुखन शर्मा और उनके दोनों बेटे बाहर दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। मृतका की दो बेटियां हैं, जिनकी शादी पहले ही हो चुकी है। घर में केवल पंचमी और उनकी वृद्ध मां ही रहती थीं, जिसका फायदा उठाकर अपराधियों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई: जल्द खुलासे का दावा
घटना की सूचना मिलते ही बायसी थाना पुलिस और एसडीपीओ जितेंद्र पाण्डेय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसडीपीओ जितेंद्र पाण्डेय ने बताया कि महिला की हत्या बेहद तेज धार वाले हथियार से गला रेतकर की गई है। मृतका की मां के फर्द बयान के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने घटनास्थल से कई वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं।
जांच के बिंदु
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई और गंभीर कारण है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ